मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भाजपा समर्थित जनपद सदस्य कुंदन आदिवासी (50) का शव रेलवे ट्रैक पर तीन टुकड़ों में कटा हुआ मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, कुंदन आदिवासी का शव देहात थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना मिलने पर जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा।
बताया जा रहा है कि कुंदन आदिवासी पर 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा था। पीड़िता के परिजनों ने मगरोन थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पीड़िता करीब 5 माह की गर्भवती है। तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।
एफआईआर दर्ज होने के बाद से कुंदन आदिवासी फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी, इसी बीच घटना के दो दिन बाद उनका शव रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध अवस्था में मिला।
मृतक के परिजनों ने इस पूरे मामले को साजिश करार दिया है। उनके बेटे गुड्डा आदिवासी का आरोप है कि राजनीतिक रंजिश के चलते उनके पिता पर झूठा मामला दर्ज कराया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुंदन आदिवासी ने मरने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें कुछ लोगों के नाम लिए गए हैं। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और वीडियो की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। यह आत्महत्या है या कोई साजिश, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
गौरतलब है कि कुंदन आदिवासी भाजपा के समर्थन से जनपद सदस्य का चुनाव जीते थे, जबकि इससे पहले उनकी पत्नी आदिवासी कोटे से फतेहपुर की सरपंच रह चुकी हैं। फिलहाल इस पूरे मामले ने क्षेत्र की राजनीति और कानून व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
