"दुल्हनिया ले आएगी मनोरंजन करने की कोशिश नहीं करती, बल्कि यह आपको खुद-ब-खुद मुस्कुराने पर मजबूर कर देती है": महेश मांजरेकर - vedantsamachar.in

“दुल्हनिया ले आएगी मनोरंजन करने की कोशिश नहीं करती, बल्कि यह आपको खुद-ब-खुद मुस्कुराने पर मजबूर कर देती है”: महेश मांजरेकर


  • 24 जुलाई को रिलीज़ होगी आकाशादित्य लामा की ‘दुल्हनिया ले आएगी’, ट्रेलर में दिखा शादी, दूल्हों और सरप्राइज़ से भरपूर मनोरंजन का धमाका

मुंबई, 16 जुलाई, 2026: अपने रंग-बिरंगे गानों और दिलचस्प पोस्टर्स से दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाने के बाद अब आकाशादित्य लामा की फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। कॉमेडी, रोमांस, पारिवारिक रिश्तों और शादी की अफरा-तफरी से भरपूर यह ट्रेलर एक ऐसी फैमिली एंटरटेनर की झलक देता है, जिसमें हँसी के साथ-साथ इमोशंस और कई मजेदार ट्विस्ट भी देखने को मिलेंगे।

फिल्म की कहानी एक ऐसी दुल्हन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके सामने समय की बड़ी चुनौती है। इसी डेडलाइन के बीच उसकी जिंदगी में कई संभावित दूल्हों की एंट्री होती है और शुरू हो जाता है दूल्हों की तलाश का ऐसा मजेदार सिलसिला, जो दर्शकों को अंत तक बाँधे रखने का वादा करता है। ट्रेलर में हास्य, भावनाओं और पारिवारिक रिश्तों का संतुलन इसे एक संपूर्ण फैमिली एंटरटेनर बनाता है।

खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और पियूष मिश्रा अभिनीत इस फिल्म का ट्रेलर दमदार परफॉर्मेंस, बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और दिल को छू लेने वाले पारिवारिक रिश्तों की झलक पेश करता है। शादी के रंगों और उत्सव से सजा इसका माहौल फिल्म को और भी आकर्षक बनाता है।

ट्रेलर को लेकर निर्देशक आकाशादित्य लामा ने कहा, “हर शादी में ड्रामा होता है, लेकिन ‘दुल्हनिया ले आएगी’ में यह ड्रामा फेरों से पहले ही शुरू हो जाता है। हमारी कोशिश थी कि ट्रेलर देखने के बाद दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान हो और साथ ही उनके मन में यह जानने की उत्सुकता भी बनी रहे कि आगे क्या होने वाला है। यह तेज रफ्तार, मजेदार, भावनात्मक और ऐसे किरदारों से भरी फिल्म है, जिनसे दर्शक आसानी से जुड़ जाएँगे। यह एक संपूर्ण फैमिली एंटरटेनर है और मुझे उम्मीद है कि दर्शक इसे देखकर उतना ही आनंद लेंगे, जितना हमें इसे बनाने में आया।”

वहीं, खुशाली कुमार ने कहा, “यह मेरे करियर के सबसे मनोरंजक किरदारों में से एक है। वह आत्मविश्वासी है, अप्रत्याशित है और हर पल सबको चौंकाती रहती है। ट्रेलर फिल्म की ऊर्जा और उसके मजेदार अंदाज को खूबसूरती से पेश करता है। अब मुझे बेसब्री से इंतजार है कि दर्शक बड़े पर्दे पर उसकी पूरी कहानी देखें।”

महेश मांजरेकर ने फिल्म के बारे में कहा, “दुल्हनिया ले आएगी की सबसे खास बात इसकी सादगी और ईमानदारी है। यह ऐसी फिल्म है, जो मनोरंजन करने की कोशिश नहीं करती, बल्कि आप खुद-ब-खुद इसकी दुनिया में खो जाते हैं और मुस्कुराने लगते हैं। मेरा किरदार अपने परिवार के लिए सबसे अच्छा चाहता है और यही भावनात्मक पक्ष इसकी कॉमेडी को और भी प्रभावशाली बनाता है। ट्रेलर सिर्फ उस मजे की एक झलक है, जो फिल्म में देखने को मिलेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि हर पीढ़ी के दर्शक इस कहानी से जुड़ाव महसूस करेंगे।”

खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और पियूष मिश्रा के अलावा फिल्म में ओंकार कपूर के साथ लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स अगू स्टेनली चिएदोजी और बी.सी. आंटी भी अहम् भूमिकाओं में नजर आएँगे। उनकी शानदार कॉमिक टाइमिंग और मनोरंजक स्क्रीन प्रेजेंस फिल्म के हास्य को और भी खास बना देती है।

सिद्धार्थ बनर्जी, आकाशादित्य लामा और विकास अग्रवाल द्वारा निर्मित ‘दुल्हनिया ले आएगी’ 24 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। ट्रेलर ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है और अब फिल्म से भरपूर हँसी, प्यार, पारिवारिक रिश्तों और कई अप्रत्याशित ट्विस्ट की उम्मीद की जा रही है।