रायपुर, 16 जुलाई (वेदांत समाचार) । आयुष्मान भारत वय वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले ने छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया है। 15 जुलाई 2026 को जारी राज्य स्तरीय समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार जिले ने 70 वर्ष से अधिक आयु के 81.17 प्रतिशत वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन कार्ड बनाकर प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। योजना के तहत जिले में 27,514 पात्र बुजुर्गों के लक्ष्य के मुकाबले 22,333 लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं।
यह उपलब्धि राज्य के 64 प्रतिशत औसत कवरेज से काफी बेहतर है। आयुष्मान भारत वय वंदन योजना के तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, आय की परवाह किए बिना, प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाता है। जिला प्रशासन ने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले, मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को दिया है। अधिकारियों के अनुसार टीम ने घर-घर सर्वे कर पात्र हितग्राहियों की पहचान की और त्वरित रूप से उनके कार्ड बनवाए। जिला प्रशासन ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी स्वास्थ्य योजनाओं में इसी तरह बेहतर प्रदर्शन जारी रखा जाएगा।

