NTPC ग्रीन एनर्जी में 114 पदों पर निकली भर्ती, असिस्टेंट इंजीनियर और डिप्टी जनरल मैनेजर के लिए आवेदन शुरू, जानें योग्यता, चयन प्रक्रिया और सैलरी... - vedantsamachar.in

NTPC ग्रीन एनर्जी में 114 पदों पर निकली भर्ती, असिस्टेंट इंजीनियर और डिप्टी जनरल मैनेजर के लिए आवेदन शुरू, जानें योग्यता, चयन प्रक्रिया और सैलरी…

नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। NTPC ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (NGEL) ने असिस्टेंट इंजीनियर (Assistant Engineer) और डिप्टी जनरल मैनेजर (Deputy General Manager) के कुल 114 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए 11 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आधिकारिक अधिसूचना ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

इस भर्ती अभियान के तहत 100 पद असिस्टेंट इंजीनियर और 14 पद डिप्टी जनरल मैनेजर के लिए निर्धारित किए गए हैं। श्रेणीवार रिक्तियों में सामान्य वर्ग के लिए 49, ओबीसी के लिए 30, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 16, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 8 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 11 पद शामिल हैं।

असिस्टेंट इंजीनियर पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स या इंस्ट्रूमेंटेशन में किसी एक विषय से फुल टाइम रेगुलर इंजीनियरिंग डिप्लोमा होना अनिवार्य है। इसके साथ संबंधित क्षेत्र में कम से कम 10 वर्ष का कार्य अनुभव होना चाहिए। इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है।

वहीं डिप्टी जनरल मैनेजर पद के लिए उम्मीदवार के पास इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंट्रोल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, सिविल या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 60 प्रतिशत अंकों के साथ फुल टाइम इंजीनियरिंग डिग्री होना आवश्यक है। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र में न्यूनतम 12 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 44 वर्ष तय की गई है।

भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले उम्मीदवारों के आवेदन पत्रों की जांच कर उन्हें शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होना होगा। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को ग्रुप डिस्कशन (GD) और इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

वेतन की बात करें तो असिस्टेंट इंजीनियर पद पर चयनित उम्मीदवारों को ₹30,000 से ₹1,20,000 के वेतनमान में नियुक्त किया जाएगा, जिसमें प्रारंभिक बेसिक पे ₹40,000 प्रतिमाह होगा। वहीं डिप्टी जनरल मैनेजर पद के लिए ₹90,000 से ₹2,40,000 के वेतनमान का प्रावधान है और प्रारंभिक बेसिक पे ₹90,000 प्रतिमाह रहेगा।

इच्छुक उम्मीदवार NGEL की आधिकारिक वेबसाइट https://careers.ngel.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित पात्रता, आयु सीमा, अनुभव, चयन प्रक्रिया और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक अधिसूचना में अवश्य जांच लें।