कोरबा, 15 जुलाई (वेदांत समाचार)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से कोरबा यातायात पुलिस द्वारा बुधवार को बुधवारी बाजार क्षेत्र में विशेष लॉक कार्रवाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े किए गए वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर वाहन व्यवस्थित रूप से पार्क करने की समझाइश भी दी गई।

यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) मनोज राठौर सहित यातायात पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात बाधित करने वाले वाहनों को लॉक कर नियमानुसार कार्रवाई की।
ASI मनोज राठौर ने बताया कि बुधवारी बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़े किए जाने से जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

