Korba BREAKING:शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, 10वीं की छात्रा ने बच्चे को दिया जन्म - vedantsamachar.in

Korba BREAKING:शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, 10वीं की छात्रा ने बच्चे को दिया जन्म

कोरबा,14 जुलाई 2026। करतला थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के बच्चे को जन्म देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कोलगा गांव की रहने वाली छात्रा को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। अस्पताल प्रबंधन ने नियमानुसार इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया और जीरो पर अपराध दर्ज किया। मामला करतला थाना क्षेत्र का होने के कारण केस संबंधित थाने को भेज दिया गया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गांव निवासी आदर्श कुजूर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर उसने विवाह करने की बात कही, लेकिन आरोपी अपने वादे से मुकर गया और शादी से इनकार कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक आदर्श कुजूर की उम्र लगभग 24 साल है। उन्होंने बताया कि पहले युवक ने शादी के लिए सहमति दी थी, लेकिन बाद में मुकर गया। परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद से युवक या उसके परिवार का कोई सदस्य अस्पताल नहीं आया है। वे अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।

बयान दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच

सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां 10वीं की छात्रा के बच्चे को जन्म देने की जानकारी मिली। पुलिस ने बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।