Korba Cyber Police : 19 साइबर ठगी पीड़ितों को लौटाए ₹1.55 लाख, 'सजग कोरबा, सतर्क कोरबा' अभियान का असर - vedantsamachar.in

Korba Cyber Police : 19 साइबर ठगी पीड़ितों को लौटाए ₹1.55 लाख, ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान का असर

कोरबा, 14 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कोरबा ने बड़ी सफलता हासिल की है। ऑनलाइन साइबर ठगी के 19 पीड़ितों को कुल 1 लाख 55 हजार 440 रुपये की ठगी गई राशि वापस दिलाई गई है। साइबर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बैंकिंग संस्थानों के समन्वय से पीड़ितों को राहत मिली है, जबकि अन्य मामलों में शेष राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा) एवं साइबर नोडल अधिकारी नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर पुलिस थाना लगातार ऑनलाइन ठगी के मामलों में कार्रवाई कर रहा है। पुलिस का फोकस साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ पीड़ितों को जल्द से जल्द उनकी रकम वापस दिलाने पर है।

साइबर पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित किया गया। समय रहते ठगी की राशि को विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराया गया और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद MRM Portal के माध्यम से 19 शिकायतकर्ताओं के बैंक खातों में कुल ₹1,55,440 सफलतापूर्वक वापस जमा कराए गए।

पुलिस ने बताया कि जिन मामलों में अभी कुछ राशि शेष है, उन्हें भी नियमानुसार संबंधित खातों में होल्ड कराने की कार्रवाई जारी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह राशि भी पात्र पीड़ितों के खातों में वापस भेजी जाएगी। साइबर पुलिस प्रत्येक मामले की लगातार मॉनिटरिंग और फॉलो-अप कर रही है ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके।

इसके अलावा साइबर पुलिस थाना कोरबा NCRP पोर्टल पर दर्ज अन्य साइबर ठगी की शिकायतों में भी लगातार कार्रवाई कर रहा है। पात्र मामलों में धोखाधड़ी की राशि को सुरक्षित रखने और पीड़ितों को वापस दिलाने की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर संचालित की जा रही है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर तत्काल शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की गई राशि को होल्ड कराने और वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

कोरबा पुलिस ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि अनजान लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। पुलिस का संदेश है—”सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर अपराध से बचाव ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।”