कोरबा,14 जुलाई 2026। बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद दीपका ने सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल में फिसल पट्टी (स्लाइड) एवं आधुनिक व्यायाम उपकरण उपलब्ध कराए। इन सुविधाओं का लोकार्पण नगर पालिका के वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य रिकी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। नई खेल एवं व्यायाम सुविधाएं मिलने पर विद्यार्थियों ने उत्साह व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने सहयोग के लिए वरिष्ठ पार्षद अरुणीश तिवारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया तथा नगर पालिका परिषद दीपका के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुणीश तिवारी ने कहा कि स्वस्थ तन और स्वच्छ मन ही बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि नियमित खेलकूद और व्यायाम से बच्चों का शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, जिससे उनकी एकाग्रता, आत्मविश्वास और शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सकारात्मक सुधार आता है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल एवं व्यायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बच्चों के हित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए भविष्य में भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल को विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए नगर पालिका परिषद दीपका का आभार व्यक्त किया।

