हादसे में घायल बंदर ने उपचार के दौरान दम तोड़ा - vedantsamachar.in

हादसे में घायल बंदर ने उपचार के दौरान दम तोड़ा

कोरबा, 11 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में सडक़ दुर्घटना में घायल एक बंदर (लंगूर) की उपचार के दौरान मौत हो जाने पर वन विभाग ने बरपाली स्थित वन आवासीय परिसर लाकर उसका ससम्मान अंतिम संस्कार किया।

मिली जानकारी के अनुसार कोरबा वनमंडल के करतला परिक्षेत्र अंतर्गत बरपाली वृत्त के महोरा परिसर में शुक्रवार को सुबह 10 बजे के करीब कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर पुरैना राइस मिल के पास सडक़ पार करते समय अज्ञात वाहन द्वारा नर बंदर (लंगूर) को ठोकर मारकर घायल कर दिया था। उसे इलाज हेतु राहगीरों ने पशु चिकित्सालय बरपाली पहुंचाया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

इसकी सूचना पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा परिसर रक्षक बरपाली को दिया गया, जिस पर वन अमला तत्काल पहुंचा और मृत बंदर के शव को वन आवासीय परिसर लाकर पोस्टमार्टम कराने के बाद रेंजर अक्ष पलक ऋषि, वन क्षेत्रपाल, सुरक्षा श्रमिकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में ससम्मान दाह संस्कार कर वन विभाग द्वारा वैधानिक कार्यवाही की गई।