कोरबा, 11 जुलाई (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, कोरबा में यातायात जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोरबा यातायात पुलिस की टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों के पालन और सुरक्षित यातायात के महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
अभियान में स्कूल के प्राचार्य आनंद सर की उपस्थिति में यातायात शाखा के एएसआई मनोज राठौर, हेड कांस्टेबल संतोष सिंह एवं कांस्टेबल सुशांत युवराज चंद्रा ने विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 1,250 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क पर चलते समय ट्रैफिक संकेतों का पालन करना, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करना, ओवरस्पीडिंग से बचना, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन नहीं चलाना तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने जैसे नियम सभी की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं।

इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग, आपातकालीन परिस्थितियों में सावधानी बरतने और यातायात संकेतों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थी स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
विद्यालय के प्राचार्य आनंद सर ने यातायात पुलिस के इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करते हैं और सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

