कोरबा,11 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। सार्वजनिक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के ठेकेदारों ने दो वर्षों से लंबित भुगतान की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर एसोसिएशन के बैनर तले प्रदर्शन किया। गुरुवार को जिला कांट्रेक्टर एसोसिएशन के नेतृत्व में ठेकेदारों ने अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल तथा कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल को राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बकाया राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से भुगतान नहीं मिलने के कारण ठेकेदार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कई ठेकेदार कर्ज के बोझ तले दब गए हैं और आर्थिक परेशानियों के चलते मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि समय पर भुगतान नहीं होने से ठेकेदारों एवं उनके परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

पदाधिकारियों ने बताया कि 6 जुलाई को रायपुर में प्रदेशभर के पीएचई ठेकेदारों ने लंबित भुगतान को लेकर आंदोलन किया था। उसी क्रम में अब सभी जिलों में ज्ञापन सौंपकर सरकार का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया जा रहा है।
एसोसिएशन ने बताया कि प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन से भी मुलाकात का समय लिया गया था, लेकिन उनके मुख्यालय से बाहर होने के कारण भेंट नहीं हो सकी। जल्द ही उनसे मिलकर लंबित भुगतान का मुद्दा उठाया जाएगा।
ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पीएचई विभाग के लंबित बिलों का भुगतान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांट्रेक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, सचिव असलम खान, कोषाध्यक्ष संतोष खरे सहित बड़ी संख्या में ठेकेदार उपस्थित रहे। एसोसिएशन ने शासन से सभी लंबित बिलों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि ठेकेदारों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके।

