कोरबा। शहर के एमपी नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पंडित रविशंकर शुक्ला नगर निवासी आशीष अग्रवाल और उनकी पत्नी घायल हो गए। दोनों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल एक कार का चालक और उसका साथी नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
संयोगवश घटना के समय सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थीं। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही सड़क पर लगी भीड़ हटाकर यातायात को सामान्य कराया।
थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और तथ्यों की पुष्टि के बाद संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि शहर में पुलिस द्वारा लगातार नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान और जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद सड़क हादसों में अपेक्षित कमी नहीं आ रही है।
घंटाघर चौक से पंडित रविशंकर शुक्ला नगर होते हुए दादर मार्ग तक का मार्ग लंबे समय से दुर्घटना संभावित माना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ वर्ष पूर्व इसी मार्ग पर एक सड़क हादसे में युवती की मौत के बाद तत्कालीन महापौर राजकिशोर प्रसाद ने स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक उनका निर्माण नहीं हो सका। लगातार हो रहे हादसों के बाद एक बार फिर इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग उठने लगी है।

