कोरबा, 11 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए जिला इकाई कोरबा ने वरिष्ठ पत्रकार संजीव शर्मा को करतला ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर दूबे की सहमति एवं अनुमोदन के बाद तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। नियुक्ति की जानकारी जिला अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह राजपूत द्वारा जारी आदेश में दी गई।
जारी आदेश के अनुसार, संजीव शर्मा की सक्रिय पत्रकारिता, संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों में निभाई गई प्रभावी भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में करतला ब्लॉक में पत्रकारों को एकजुट करने, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक कार्य होंगे।
जिला अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के संरक्षण तथा संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इसी उद्देश्य से विभिन्न ब्लॉकों में सक्रिय और अनुभवी पत्रकारों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि संजीव शर्मा संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए पत्रकारों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष संजीव शर्मा ने संगठन के प्रदेश नेतृत्व और जिला इकाई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने कहा कि करतला क्षेत्र के पत्रकारों को संगठित कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संगठन के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने तथा संगठन की गतिविधियों को गांव और ब्लॉक स्तर तक सक्रिय बनाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
पत्रकारों और संगठन के पदाधिकारियों ने संजीव शर्मा की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं। संगठन के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में करतला ब्लॉक इकाई और अधिक सक्रिय होगी तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य किया जाएगा।

