सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जुलाई। जिले में राजस्व कार्यों, एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन तथा समय-सीमा (टीएल) बैठक में सौंपे गए कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने कड़ा रुख अपनाते हुए आठ तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी नोटिस के अनुसार, राजस्व विभाग से संबंधित बटांकन, नक्शाविहीन ग्रामों का सत्यापन, वन ग्रामों से घोषित राजस्व ग्रामों के नक्शों का निर्माण एवं अद्यतन, भू-अभिलेख सर्वेक्षण तथा एग्रीस्टेक पोर्टल पर धान खरीदी से जुड़े किसानों के पंजीयन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। इसके अलावा समय-सीमा (टीएल) बैठकों में सौंपे गए कार्यों के निष्पादन में भी संतोषजनक प्रदर्शन नहीं होने पर कार्रवाई की गई है।
जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है उनमें उप तहसील कोसीर के तहसीलदार शनि कुमार पैकरा, सारंगढ़ तहसीलदार खोमनलाल ध्रुव एवं प्रभारी तहसीलदार नंदकिशोर सिन्हा, सरसीवा तहसीलदार मोहन साहू, भटगांव तहसीलदार नीलिमा अग्रवाल, बरमकेला तहसीलदार पुष्पेंद्र राज, बिलाईगढ़ तहसीलदार कमलेश सिदार तथा सरिया तहसीलदार कोमल साहू शामिल हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

