रायगढ़ पुलिस की संवेदनशील पहल: मानसिक रूप से परेशान गुमशुदा महिला को सुरक्षित परिजनों से मिलाया, डायल-112 और कोतवाली पुलिस की तत्परता आई काम - vedantsamachar.in

रायगढ़ पुलिस की संवेदनशील पहल: मानसिक रूप से परेशान गुमशुदा महिला को सुरक्षित परिजनों से मिलाया, डायल-112 और कोतवाली पुलिस की तत्परता आई काम

रायगढ़, 02 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने संवेदनशील पुलिसिंग का परिचय देते हुए मानसिक रूप से परेशान एक गुमशुदा महिला को सुरक्षित संरक्षण प्रदान कर उसके परिजनों से मिलाया। डायल-112 की त्वरित कार्रवाई और कोतवाली पुलिस की सतर्कता से महिला को सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया गया। इस मानवीय पहल की परिजनों ने सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता और मानवीय संवेदनाओं को भी प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में यह सराहनीय कार्रवाई सामने आई।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 की शाम करीब 4 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि ढिमरापुर स्थित श्री साईं हेरिटेज के पास एक महिला लोगों से उसे सक्ती छोड़ने की बात कह रही है। सूचना देने वालों ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित थाना कोतवाली लेकर आई।

थाने में महिला से धैर्यपूर्वक पूछताछ की गई, लेकिन वह केवल अपना नाम बता सकी और बार-बार सक्ती जाने की बात दोहराती रही। वह अपने घर का पता या किसी परिजन का मोबाइल नंबर नहीं बता पाई। महिला की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने उसे रातभर सखी सेंटर में सुरक्षित ठहराने की व्यवस्था की।

इधर, थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के निर्देशन में पुलिस ने महिला की पहचान कराने के लिए उसका फोटो विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में साझा किया और परिजनों की तलाश शुरू कर दी।

अगले दिन कुछ लोग थाना कोतवाली पहुंचे और एक महिला की गुमशुदगी की जानकारी दी। उन्होंने महिला का हुलिया बताया, जिस पर पुलिस ने उन्हें महिला का फोटो दिखाया। फोटो देखते ही उन्होंने महिला को अपने परिवार की सदस्य के रूप में पहचान लिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती है और कभी-कभी इसी तरह घर से निकल जाती है।

परिजनों को महिला के सुरक्षित होने और सखी सेंटर में रखे जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि महिला का मायका रायगढ़ में है, जबकि उसकी ससुराल सक्ती में है। वह पिछले कुछ दिनों से मायके में रह रही थी और वहीं से अचानक लापता हो गई थी।

पुलिस ने सभी आवश्यक वैधानिक और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद महिला को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला को सकुशल वापस पाकर परिवार के लोगों ने रायगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, सहायक उप निरीक्षक कोसो सिंह जगत, महिला आरक्षक अनीता बेक, डायल-112 में पदस्थ आरक्षक एडवर्ड कुजूर तथा ईआरवी वाहन चालक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराधों पर नियंत्रण रखना ही नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक संवेदनशील सहायता पहुंचाना भी है।