IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, चांपा पुलिस ने न्यायालय में किया पेश - vedantsamachar.in

IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, चांपा पुलिस ने न्यायालय में किया पेश

जांजगीर-चांपा, 30 जून (वेदांत समाचार)। आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है। इससे पहले इसी मामले में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवाजी राव इंगले (28) निवासी मंझली तालाब के पास, चांपा के रूप में हुई है। वह आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन हार-जीत का दांव लगाकर सट्टेबाजी के मामले में फरार था।

मामले की शुरुआत 24 मई 2026 को हुई थी, जब पुलिस को सूचना मिली कि चांपा क्षेत्र में कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल मुकाबले पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक-26, मंझली तालाब के पास रहने वाले संदीप यादव (27) को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 46,270 रुपये नकद बरामद किए गए थे। इस मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 262/2026 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।

पूछताछ के दौरान संदीप यादव ने अपने मेमोरेंडम बयान में खुलासा किया कि सट्टे की रकम शिवाजी राव इंगले को दी जाती थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की विवेचना तेज करते हुए फरार आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद 30 जून 2026 को शिवाजी राव इंगले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय, श्याम राठौर और वीरेश सिंह सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने कहा है कि जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।