बिलासपुर, 30 जून (वेदांत समाचार)। बिलासपुर जिले की रतनपुर पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोम उर्फ रोशन निर्मलकर (20 वर्ष) निवासी महामायापारा, रतनपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अपहरण, धमकी और फिरौती मांगने के गंभीर आरोप हैं।
जानकारी के मुताबिक, 24 जून 2026 को भेलवापारा, कलमीटार निवासी पीड़ित ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद था, तभी रतनपुर निवासी इशांत सारथी, सोम रजक, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके अन्य साथियों ने उसके गले पर चाकू अड़ाकर जबरन मोटरसाइकिल में बैठाया और उसे कोरबाभांवर जंगल ले गए।
आरोप है कि जंगल में आरोपियों ने पीड़ित के सामने गांजा फैलाकर उसकी तस्वीरें खींचीं और फिर उसके परिवार वालों को फोन करवाया। फोन पर पीड़ित से कहलवाया गया कि वह गांजा मामले में पाली थाना पुलिस के कब्जे में है और पुलिस उसे छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये मांग रही है। आरोपियों ने उसकी मां से 50 हजार रुपये लेकर आने के लिए दबाव बनाया।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित के परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के दो आरोपी निखिल रजक उर्फ एलियन और इशांत सारथी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपी सोम उर्फ रोशन निर्मलकर घटना के बाद से फरार चल रहा था।
रतनपुर पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ तथा आरक्षक आकाश डोंगरे की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

