कोरबा, 30 जून (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। कुसमुंडा थाना क्षेत्र में डीएवी स्कूल के शिक्षक दंपती के 19 वर्षीय इकलौते बेटे वासु सरकार ने मंगलवार दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र, स्कूल परिसर और कॉलोनी में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, वासु सरकार के पिता राजा सरकार कुसमुंडा स्थित डीएवी स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता कोरबा के डीएवी एसईसीएल स्कूल में शिक्षिका हैं। मंगलवार सुबह दोनों अपने-अपने स्कूल चले गए थे और वासु घर पर अकेला था।
दोपहर में जब माता-पिता घर लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने खिड़की से अंदर देखा। कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। वासु पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ था।
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर वासु को नीचे उतारा गया और तत्काल विकास नगर स्थित एसईसीएल के विभागीय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर दोनों डीएवी स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
घटना की सूचना पर कुसमुंडा पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और श्री श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर सेवा समिति की एंबुलेंस से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल शव को विकास नगर अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है। अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
प्राथमिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि वासु ने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय उसकी जान बच गई थी। इस बार उसने यह घातक कदम उठा लिया। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों और मानसिक स्थिति में उसने यह निर्णय लिया।
फिलहाल कुसमुंडा पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

