India Womens squad, Asian Games 2026: एशियन गेम्स वाली टीम इंडिया से इस खिलाड़ी को क्यों निकाला गया? - vedantsamachar.in

India Womens squad, Asian Games 2026: एशियन गेम्स वाली टीम इंडिया से इस खिलाड़ी को क्यों निकाला गया?

नई दिल्ली,30 जून : एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है. चयनकर्ताओं ने बड़ा फैसला लेते हुए महिला टी20 वर्ल्ड कप में खेलने वाली विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को टीम से बाहर कर दिया है. दिलचस्प बात ये है कि टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में ही है और उपकप्तान स्मृति मंधाना को ही रखा गया है. वहीं टी20 वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल होने वाली ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल भी टीम में चुनी गई हैं, हालांकि अगर वो फिट हुई तो ही इस टूर्नामेंट में खेल पाएंगी. श्रेयंका पाटिल महिला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान पैर में चोट खा बैठी थीं.

एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, जी. कमलिनी, भारती फूलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और नंदिनी शर्मा.

यास्तिका भाटिया को क्यों टीम से निकाला गया?
सवाल ये है कि यास्तिका भाटिया को आखिर टीम इंडिया से क्यों बाहर कर दिया गया. इसकी एक बड़ी वजब उनका प्रदर्शन है. ये खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप में 3 मैचों में सिर्फ 41 रन ही बना सकी थी. उनका औसत 13.66 और स्ट्राइक रेट 117.14 रहा था. हालांकि जेमिमा रॉड्रिग्स का प्रदर्शन भी काफी खराब रहा था. वो पांच मैचों में 92 रन ही बना सकी थीं लेकिन उन्हें एशियन गेम्स की टीम इंडिया में बरकरार रखा गया है.

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी बरकरार
टीम इंडिया के चयनकर्ताओं ने टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बावजूद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी बरकरार रखी है. बता दें भारतीय टीम इंग्लैंड में चल रहे टी20 वर्ल्ड कप में लीग स्टेज से ही बाहर हो गई. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी लीग मैच में टीम इंडिया को जीत की जरूरत थी लेकिन उसे 6 विकेट से हार मिली. इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन बनाए और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ये स्कोर 6 गेंद पहले 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया. एलिस पैरी ने 56 और एश्ले गार्डनर ने नाबाद 53 रन बनाए.

टीम इंडिया ने जीता था गोल्ड
बता दें साल 2023 में हांगझोऊ में खेले गए एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराकर गोल्ड जीता था. इस मैच में टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करते हुए 116 रन बना सकी थी और श्रीलंकाई टीम जवाब में 97 रन ही बना सकी. इस टूर्नामेंट में जेमिमाह ने सबसे ज्यादा 109 रन बनाए थे.