रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया गया सम्मानित - vedantsamachar.in

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया गया सम्मानित

रायपुर, 30 जून (वेदांत समाचार)। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय रायपुर में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, राजपत्रित अधिकारियों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने कहा कि पुलिस सेवा अनुशासन, समर्पण और जनसेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनका अनुभव और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

इस अवसर पर सहायक उप निरीक्षक गजाधर सिंह वनसे, प्रधान आरक्षक बालेश्वर दास वैष्णव, रोहित दास सुमेर, सालिक राम वर्मा, राजकुमार पाठक, पुरुषोत्तम लाल साहू, लाल बहादुर भगत, राजेन्द्र पुरी गोस्वामी तथा आरक्षक अनिल कुमार शर्मा और चन्द्रभान भदौरिया को उनकी दीर्घकालीन, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग, वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद और समृद्ध जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी पुलिस कमिश्नर डॉ. अर्चना झा, रक्षित निरीक्षक अनीष सारथी, स्टेनो सुरेश टंडन, मुख्य लिपिक पी.सी.एस. यादव, सहायक उप निरीक्षक दीपक निषाद सहित पुलिस कमिश्नर कार्यालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह का माहौल भावुक और सम्मानपूर्ण रहा, जहां विभाग ने अपने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।