बिलासपुर, 10 अप्रैल 2026। हावड़ा–मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में बिलासपुर–झारसुगुड़ा सेक्शन पर चौथी लाइन परियोजना का कार्य तेज़ी से जारी है। रेलवे द्वारा अकलतरा स्टेशन में यार्ड रिमॉडलिंग और चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन/नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा, जिसके चलते 11 अप्रैल से 18 अप्रैल 2026 तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह कार्य पहले स्थगित किया गया था, जिसे अब निर्धारित अवधि में पूरा किया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, सुगम यात्रा और ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार मिलेगा।
इस दौरान बिलासपुर–रायगढ़, रायगढ़–बिलासपुर, रायपुर–गेवरा रोड, गेवरा रोड–रायपुर, रायपुर–कोरबा, कोरबा–रायपुर, बिलासपुर–गेवरा रोड और बिलासपुर–कोरबा रूट की कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी। इससे दैनिक यात्रियों और लोकल रूट पर सफर करने वाले लोगों को असुविधा हो सकती है।
इसके अलावा, गोंदिया–झारसुगुड़ा पैसेंजर ट्रेन 68861 बिलासपुर स्टेशन तक ही संचालित होगी, जबकि झारसुगुड़ा–गोंदिया पैसेंजर 68862 बिलासपुर से ही शुरू की जाएगी। यानी इन ट्रेनों का संचालन झारसुगुड़ा और बिलासपुर के बीच पूरी तरह बंद रहेगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कोरबा–रायपुर–कोरबा हसदेव एक्सप्रेस को 11 से 18 अप्रैल तक कोरबा–बिलासपुर–कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है, जिससे यात्रियों को आंशिक राहत मिल सके।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले NTES या हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
