तहसीलदार का रीडर गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई... - vedantsamachar.in

तहसीलदार का रीडर गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई…

कोंडागांव,30 जून (वेदांत समाचार)। फरसगांव तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने ACB से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में उसके पिता और बुआ का नाम दर्ज (जोड़ने) करने के एवज में तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी है।

शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 15 हजार रुपये और 20 हजार रुपये, कुल 35 हजार रुपये दे चुका था। मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। ACB ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके पर रिश्वत की राशि जब्त की गई और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।