समस्या के समाधान की मांग को लेकर रजनीश तिवारी ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
कोरबा,30 जून (वेदांत समाचार)। दीपका-हरदीबाजार बायपास मार्ग, थाना चौक और कॉलोनी प्रवेश मार्ग पर भारी ट्रेलरों की अवैध पार्किंग से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर बेतरतीब ढंग से खड़े ट्रेलरों के कारण प्रतिदिन कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों, कर्मचारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं रायगढ़ प्रभारी रजनीश तिवारी ने मंगलवार को दीपका थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से खड़े ट्रेलरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि दीपका-गेवरा क्षेत्र कोयला खदानों और औद्योगिक इकाइयों का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन हजारों श्रमिक, कर्मचारी, व्यापारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। लेकिन सड़क पर ट्रेलरों की अवैध पार्किंग के कारण सुबह और शाम के व्यस्त समय में लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। कई स्थानों पर सड़क का बड़ा हिस्सा भारी वाहनों के कब्जे में रहने से अन्य वाहनों की आवाजाही भी बाधित होती है।
रजनीश तिवारी ने कहा कि सड़क किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े ट्रेलरों से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। विशेषकर रात के समय तथा मोड़ों के पास खड़े वाहनों के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन यातायात पुलिस और स्थानीय थाना द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से ट्रेलर चालकों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने मांग की कि भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग यार्ड की व्यवस्था की जाए, मुख्य सड़क पर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा पीक आवर्स के दौरान भारी वाहनों के आवागमन एवं पार्किंग पर प्रतिबंध लगाया जाए।

