बिलासपुर, 30 जून (वेदांत समाचार)। अग्रज नाट्य दल, बिलासपुर द्वारा आयोजित चार दिवसीय योगेश स्मृति नाट्य समारोह का सोमवार को सिम्स ऑडिटोरियम में प्रख्यात अभिनेता, रंगकर्मी एवं निर्देशक रघुबीर यादव के चर्चित नाटक ‘पियानो’ की प्रभावशाली प्रस्तुति के साथ भव्य समापन हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीन (सिम्स) डॉ. रमणेश मूर्ति उपस्थित रहे।
रघुबीर यादव द्वारा रूपांतरित एवं निर्देशित नाटक ‘पियानो’ हास्य, रहस्य और मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण एक ट्रैजिकॉमेडी है, जो आधुनिक जीवन के अकेलेपन, रिश्तों और संवादहीनता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। नाटक में रघुबीर यादव और रोशिनी अचरेजा के सशक्त अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बिरंची दास ने कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को संवेदनशील बनाने और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का सशक्त मंच है।

समारोह के दौरान भारतीय रंगमंच में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रख्यात रंगकर्मी रघुबीर यादव को ‘योगेश स्मृति कला सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास के हाथों प्रदान किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा भी उनका नागरिक सम्मान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद रघुबीर यादव ने बिलासपुर और यहां के दर्शकों के प्रति अपना आत्मीय जुड़ाव व्यक्त करते हुए कहा कि कलाकार की सबसे बड़ी ताकत दर्शकों का स्नेह और अपनापन होता है।
कार्यक्रम में एसईसीएल के उप-महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री मनीष श्रीवास्तव, बिलासपुर शहर के रंगकर्मी, शहर के गणमान्य नागरिक, साहित्यकार, तथा बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित रहे।

