बिलासपुर,28 जून (वेदांत समाचार) । सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में फरवरी 2026 में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन मुख्य आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एसीसीयू और सीपत थाना पुलिस की संयुक्त जांच में 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दुकान संचालक के पास रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी से भरे बैग चोरी कर फरार हो गए थे। पूछताछ में उन्होंने वारदात स्वीकार कर ली। चोरी का कुछ सामान खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.88 किलोग्राम चांदी, 13.30 ग्राम सोने के जेवर सहित करीब 6.80 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने संगठित अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

