रायपुर,28 जून (वेदांत समाचार)। शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर और प्रभारी पुलिस उपायुक्त, यातायात एवं प्रोटोकॉल के निर्देशानुसार शराब पीकर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में मोटर यान अधिनियम 1988 के प्रावधानों के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इस साल अब तक 3559 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही किया गया है।
इस अभियान के अंतर्गत दिनांक 27 जून 2026 शनिवार की रात्रि में शहर के 9 स्थानों तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भांठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक,भनपुरी चौक एवं पंडरी थाना के सामने पर श्रीमती सीमा अहिरवार सहायक पुलिस आयुक्त यातायात नेतृत्व में यातायात के अधिकारियों एवं जवानों की टीम बनाकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाते हुए कुल 47 वाहन चालकों में 29 कार, 04 मोटर सायकल,01 ई रिक्शा,07 टाटा एस एवं 06 ट्रक को पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध चालान की कार्यवाही कर उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। यातायात पुलिस का यह अभियान किसी लक्ष्य को लेकर नहीं अपितु केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है।

