सीएम योगी 29 जून को मुरादाबाद दौरे पर, 365.50 करोड़ की 63 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात... - vedantsamachar.in

सीएम योगी 29 जून को मुरादाबाद दौरे पर, 365.50 करोड़ की 63 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात…

मुरादाबाद,28 जून । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 जून को मुरादाबाद दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जिले को 365.50 करोड़ रुपये की लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 26 परियोजनाओं का लोकार्पण और 37 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

मुख्यमंत्री का आगमन दोपहर करीब 1:30 बजे प्रस्तावित है। सर्किट हाउस के पीछे जनसभा स्थल पर पंडाल निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 136.15 करोड़ रुपये की 26 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 229.35 करोड़ रुपये की 37 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य जिले के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री हरदासपुर गांव में निर्माणाधीन गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा हरथला स्थित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर का लोकार्पण भी करेंगे। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) और नगर निगम की कई प्रमुख विकास योजनाएं भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगी।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती, यातायात प्रबंधन और जनसभा स्थल पर पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारी पूरी की जा रही है। प्रशासन का मानना है कि इस दौरे से जिले की कई लंबित परियोजनाओं को गति मिलेगी और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।