लखनऊ,27 जून. केजरीवाल के अयोध्या दौरे को लेकर यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राम सबके हैं, फिर सरकार की दोहरी नीति क्यों? केजरीवाल के लिए कैमरा और विशेष छूट क्यों? कांग्रेस के नेताओं के लिए कड़े नियम? मैंने दर्शन किए, तब व्यवस्था अलग थी. आखिर ये रिश्ता क्या कहलाता है? VIP भेदभाव, दोहरी राजनीति बेहद निंदनीय है.
अजय राय ने एक्स पर लिखा कि ‘राम’ सबके हैं, फिर भाजपा सरकार की दोहरी नीति क्यों? अयोध्या में अरविंद केजरीवाल के लिए कैमरे और विशेष छूट, लेकिन कांग्रेस के नेताओं और आम श्रद्धालुओं के लिए कड़े नियम? कुछ दिन पहले जब मैंने दर्शन किए, तब व्यवस्था अलग थी. राजनीतिक सुविधा देखकर नियम बदलने वाली भाजपा सरकार बताए कि आखिर “ये रिश्ता क्या कहलाता है”? आस्था के केंद्र पर यह वीआईपी भेदभाव और दोहरी राजनीति बेहद निंदनीय है.’
बता दें कि केजरीवाल शुक्रवार को रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे थे. उन्होंने रामलला के दर्शन किए. वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने चढ़ावा गबन मामले को लेकर भी सवाल खड़े किए थे. हालांकि उनके अयोध्या दौरे को लेकर सीएम ने भी उन पर निशाना साधा था. योगी ने एक कार्यक्रम में मंच से कहा कि ‘‘दिल्ली से भी एक सज्जन आए हैं आज. मैं उनसे कहना चाहूंगा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 वर्ष तक अवसर दिया लेकिन दिल्ली को उन्होंने बर्बादी और भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं दिया. आज मैं उनसे कहना चाहूंगा कि अयोध्या को डबल इंजन की सरकार ने जो सजाया है संवारा है, देखिए इस मॉडल को और फिर अपने कारनामों पर पश्चाताप करो. अगर यही न्याय जो अयोध्या के साथ डबल इंजन की बीजेपी की सरकार ने किया है, यदि यही न्याय दिल्ली की सरकार दिल्ली के साथ करती तो दिल्ली ऐसे ही चमकती जैसे आज अयोध्या चमक रही है.’

