रायपुर/कोलकाता। कोल इंडिया लिमिटेड (Coal India Limited) और उसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कर्मचारियों के दुर्घटना बीमा कवरेज (Accident Insurance Coverage) को वर्तमान एक करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपये किए जाने की तैयारी चल रही है। इस संबंध में कोल इंडिया और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच कोलकाता स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कोल इंडिया के वित्त निदेशक मुकेश अग्रवाल ने एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज और कर्मचारियों को मिलने वाली बैंकिंग सुविधाओं की समीक्षा की। चर्चा का मुख्य विषय कर्मचारियों के दुर्घटना बीमा कवरेज को 1 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपये करना रहा।
बैठक में एसबीआई के महाप्रबंधक मनोरंजन पांडा, एनआर लेखा तथा पी.के. मानसिंका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कर्मचारियों के लिए उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप नए बैंकिंग समाधान उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श किया।
वर्तमान में कोल इंडिया और उसकी सहायक कंपनियों के विभागीय कर्मचारियों को कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के तहत दुर्घटना बीमा का लाभ मिलता है। प्रस्तावित वृद्धि लागू होने के बाद दुर्घटना की स्थिति में कर्मचारियों और उनके परिवारों को पहले की तुलना में अधिक आर्थिक सुरक्षा प्राप्त होगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि इस बीमा सुविधा के लिए कर्मचारियों या संविदा कर्मियों को किसी प्रकार का अतिरिक्त प्रीमियम नहीं देना पड़ता है। यह सुविधा कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत उपलब्ध कराई जाती है।
कोयला क्षेत्र के कर्मचारियों के हित में उठाया जा रहा यह कदम सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद देशभर में कोल इंडिया की विभिन्न इकाइयों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

