Bilaspur Crime : सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 11 महंगे स्मार्टफोन, घड़ियां और नकदी बरामद - vedantsamachar.in

Bilaspur Crime : सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 11 महंगे स्मार्टफोन, घड़ियां और नकदी बरामद

बिलासपुर, 22 जून (वेदांत समाचार)। शहर में बढ़ती चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सरकंडा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सरकंडा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 11 महंगे स्मार्टफोन, कीमती हाथ घड़ियां और नकदी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पहले मामले में जोरापारा सरकंडा निवासी तारकेश्वर साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जून 2026 की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर श्याओमी और सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन, दो हाथ घड़ियां तथा नकदी चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 40 हजार 400 रुपये बताई गई थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी का मोबाइल बेचने की फिराक में नूतन चौक के आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी निखिल सोनी (24) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के दोनों मोबाइल फोन, दो हाथ घड़ियां और नकदी बरामद कर ली गई।

दूसरे मामले में अशोक नगर निवासी रामनारायण मिंज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 जून 2026 की रात उनके घर से पोको और मोटोरोला कंपनी के दो स्मार्टफोन चोरी हो गए थे। पुलिस ने संदेह के आधार पर महेश मानिकपुरी उर्फ सोनू (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि उसे गांजा पीने और महंगे मोबाइल रखने का शौक है। इसी कारण वह सूने मकानों और मजदूरों के कमरों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करता था। आरोपी ने अशोक नगर, खमतराई, स्वर्णिमा कॉलोनी और बगदई मंदिर क्षेत्र में हुई कई मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस जांच में आरोपी के कब्जे से वीवो, पोको, मोटोरोला, ओप्पो, रियलमी और इंफिनिक्स कंपनी के कुल नौ स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइलों की कीमत 52 हजार 499 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सभी चोरी गए मोबाइल जब्त कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। चोरी के दोनों मामलों में बरामदगी के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।