रायपुर, 22 जून 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 के विशेष लक्की ड्रॉ में विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। इस विशेष ड्रॉ में प्रदेशभर के पात्र हितग्राहियों को आकर्षक पुरस्कार दिए गए, जिनमें मारुति स्विफ्ट कार, होंडा शाइन मोटरसाइकिल, होंडा एक्टिवा स्कूटी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन और एलईडी टेलीविजन जैसे उपहार शामिल हैं।
नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंडल मुख्यालय सेक्टर-19 में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राहियों, अधिकारियों और पत्रकारों की उपस्थिति रही। लक्की ड्रॉ का आयोजन मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और आयुक्त अवनीश शरण की मौजूदगी में किया गया। पूरी प्रक्रिया लॉटरी पद्धति के माध्यम से पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई।विशेष लक्की ड्रॉ में सबसे बड़ा पुरस्कार मारुति स्विफ्ट कार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की पूजा बरेठ के नाम निकला। पूजा बरेठ ने अटल विहार योजना, दानसरा में एलआईजी भवन क्रमांक-32 का पंजीयन कराया था। वहीं कोरबा जिले के रवि प्रकाश राठौर ने होंडा शाइन मोटरसाइकिल जीती। उन्होंने गोकुल नगर, खरमोरा स्थित कमर्शियल-कम-रेजिडेंशियल फ्लैट की दुकान क्रमांक-06 खरीदी थी।इसी तरह गोकुल नगर, खरमोरा, कोरबा में एमआईजी फ्लैट क्रमांक एफ-302 बुक कराने वाले कृष्ण कुमार को होंडा एक्टिवा स्कूटी पुरस्कार के रूप में मिली। रेफ्रिजरेटर के लिए श्रीमती सुषमा गुप्ता और अरुण कुमार प्रधान का चयन हुआ। वाशिंग मशीन के विजेताओं में ओम सोनी और रेणुका घृतलहरे शामिल रहे। एलईडी टेलीविजन के विजेता गजेन्द्र कुमार यादव और संजीत कुमार साह बने।गौरतलब है कि राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 के दौरान भी प्रतिदिन कूपन आधारित लक्की ड्रॉ आयोजित किए गए थे। इन ड्रॉ के माध्यम से प्रतिभागियों को एलईडी टीवी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, मिक्सर ग्राइंडर और स्टीम आयरन जैसे अनेक आकर्षक उपहार वितरित किए गए थे।
मंडल द्वारा चयनित सभी विजेताओं को 25 जून 2026 को आयोजित होने वाले विशेष उपहार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह समारोह सर्किट हाउस, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित किया जाएगा, जहां विजेताओं को उनके पुरस्कार सौंपे जाएंगे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल राज्य के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हितग्राही-केंद्रित योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।वहीं मंडल आयुक्त अवनीश शरण ने कार्यक्रम में शामिल सभी हितग्राहियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी मंडल की विभिन्न आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बनी रहेगी। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बधाई दी।

