कोरबा, 22 जून 2026 (वेदांत समाचार)। भारत की सांस्कृतिक विरासत और सनातन आस्था के प्रतीक सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा की शुरुआत सोमवार को हुई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित सोमनाथ के लिए रवाना किया। इस ऐतिहासिक यात्रा में प्रदेशभर से एक हजार से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए हैं, जिनमें कोरबा जिले का 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल है।
कोरबा जिले से यात्रा में शामिल दल का नेतृत्व नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह कर रहे हैं। दल को रवाना करने से पहले पाली स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद मंदिर परिसर की पवित्र माटी को कलश में संग्रहित किया गया, वहीं पाली के प्रसिद्ध नौकोनिया तालाब से पवित्र जल कलश भी यात्रा के लिए लिया गया। इन पवित्र प्रतीकों के साथ कोरबा का प्रतिनिधिमंडल सोमनाथ के लिए रवाना हुआ।

नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष अजय जायसवाल ने यात्रा को विधिवत रवाना करते हुए कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, गौरव और सभ्यता के पुनर्जागरण का अभियान है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से नई सांस्कृतिक चेतना का संचार होगा और छत्तीसगढ़ तथा कोरबा जिले की सांस्कृतिक भागीदारी राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित होगी।
सोमनाथ मंदिर भारत की सनातन आस्था, सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। मंदिर के एक हजार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह यात्रा देशभर के लोगों को भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करेगी। संस्कृति मंत्रालय द्वारा 22 जून से 26 जून तक आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि अपनी-अपनी सांस्कृतिक धरोहरों और धार्मिक परंपराओं का परिचय भी देंगे।
रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सोमनाथ भारत की आस्था, आत्मसम्मान और सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक है। इस यात्रा के माध्यम से देश की युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।
पाली से यात्रा रवाना होने के दौरान भाजपा नेता संजय भावनानी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष लखन प्रजापति, पूर्व पार्षद रामविलास जायसवाल, वरिष्ठ नागरिक रमाशंकर जायसवाल, पार्षद प्रतिनिधि दीपक शर्मा, रिंकू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने यात्रियों का उत्साहवर्धन करते हुए सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

