KORBA : शराब दुकान शिफ्टिंग पर फूटा जनाक्रोश , घनी आबादी वाले इलाके में शिफ्ट करने के प्रयासों के खिलाफ वार्डवासियों ने खोला मोर्चा ,दी उग्र आंदोलन की चेतावनी - vedantsamachar.in

KORBA : शराब दुकान शिफ्टिंग पर फूटा जनाक्रोश , घनी आबादी वाले इलाके में शिफ्ट करने के प्रयासों के खिलाफ वार्डवासियों ने खोला मोर्चा ,दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

कोरबा,22 जून (वेदांत समाचार) । नगर पालिका परिषद दीपका में शराब दुकान के स्थानांतरण को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। दुकान को एक क्षेत्र से हटाकर दूसरे घनी आबादी वाले इलाके में शिफ्ट करने के प्रयासों के खिलाफ वार्ड के नागरिकों, जनप्रतिनिधि यों और महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। इस मुद्दे पर मां समलाई मंदिर परिसर में वार्ड क्रमांक 1, 4, 5 और 6 के नागरिकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन के निर्णय का विरोध करते हुए आंदोलन की रणनीति बनाई गई।

बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार प्रशासन वार्डवासियों की अनदेखी कर एकतरफा फैसला करता है तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। नागरिकों ने घर-घर हस्ताक्षर अभियान चलाने और इसके बाद सैकड़ों लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। पार्षद कमलेश जायसवाल ने कहा कि जिला प्रशासन, नगर प्रशासन और आबकारी विभाग को बंद कमरों में बैठकर निर्णय लेने के बजाय जनप्रतिनिधियों और प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों के साथ संयुक्त बैठक करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी पक्षों की सहमति से ऐसा स्थान चयनित किया जाए, जिससे किसी भी वार्ड के रहवासियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

कुछ दिन पूर्व एसडीएम, तहसीलदार, आबकारी विभाग और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में भी इस विषय पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस हो चुकी है। वर्तमान स्थिति में जहां वार्ड क्रमांक 11 के निवासी अपने क्षेत्र से शराब दुकान हटाने की मांग कर रहे हैं, वहीं प्रस्तावित नए स्थान को लेकर गोबरघोरा सहित वार्ड क्रमांक 1, 4, 5 और 6 के नागरिक विरोध जता रहे हैं। बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज कर जबरन शराब दुकान स्थापित करने का प्रयास किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।