बलौदाबाजार, 20 जून (वेदांत समाचार)। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने और समय रहते उचित उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार में निःशुल्क कैंसर परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 22 जून 2026, सोमवार को आयोजित होगा, जिसमें बालको मेडिकल सेंटर, नया रायपुर के कैंसर विशेषज्ञ मरीजों को निःशुल्क परामर्श प्रदान करेंगे।
शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. पलक अग्रवाल मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह देंगी। डॉ. अग्रवाल कैंसर उपचार के क्षेत्र में अनुभवी विशेषज्ञ हैं और कैंसर से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर मरीजों को मार्गदर्शन देंगी। शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय (डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल) बलौदाबाजार में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार से इस बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। ऐसे में जिन लोगों को शरीर में किसी प्रकार की असामान्य गांठ, लगातार खांसी, वजन में अचानक कमी, निगलने में परेशानी, बार-बार संक्रमण, त्वचा में बदलाव, पेट संबंधी समस्याएं या अन्य संदिग्ध लक्षण महसूस हो रहे हों, वे शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ से परामर्श ले सकते हैं।
बालको मेडिकल सेंटर द्वारा प्रत्येक माह के चौथे सोमवार को इस प्रकार के कैंसर परामर्श शिविर आयोजित किए जाने की योजना बनाई गई है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और कैंसर से संबंधित किसी भी प्रकार की आशंका होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें। शिविर में शामिल होने के लिए इच्छुक मरीज अग्रिम पंजीयन भी करा सकते हैं।
अग्रिम पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए 9098118682, 8282823333 एवं 8282824444 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

