जांजगीर-चांपा, 19 जून 2026 (वेदांत समाचार)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय स्थित भीमा तालाब परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जाज्वल्य देव द्वार के समीप प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक किया जाएगा, जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शासकीय कर्मचारियों तथा सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि योग के प्रति जनजागरूकता बढ़े और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

बैठक के दौरान आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, साउंड सिस्टम, विद्युत आपूर्ति, फायर ब्रिगेड की उपलब्धता, बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, पार्किंग, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को योग के महत्व, स्वास्थ्य लाभ और नियमित जीवनशैली में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह, जांजगीर एसडीएम सुब्रत प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

