CA फाइनल परीक्षा में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया: कोरबा के अरनव अग्रवाल ने हासिल की ऑल इंडिया 29वीं रैंक - vedantsamachar.in

CA फाइनल परीक्षा में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया: कोरबा के अरनव अग्रवाल ने हासिल की ऑल इंडिया 29वीं रैंक

कोरबा, 19 जून (वेदांत समाचार)। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता की नई इबारत लिखते हुए कोरबा के होनहार छात्र अरनव अग्रवाल ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) फाइनल परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 29वीं रैंक हासिल कर प्रदेश और समाज का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ और अग्रवाल समाज में खुशी की लहर है।

अरनव अग्रवाल, अग्रवाल सभा कोरबा के सम्माननीय सदस्य महावीर भोजासिया के नाती, सुभाष भोजासिया के भांजे तथा सतीश अग्रवाल एवं स्वाति अग्रवाल के सुपुत्र हैं। उन्होंने ऑल इंडिया सीए फाइनल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में 29वीं रैंक प्राप्त की है, जो किसी भी छात्र के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात मानी जाती है।

इस सफलता के पीछे अरनव की वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासित अध्ययन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण को प्रमुख कारण माना जा रहा है। परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन में उन्होंने लगातार परिश्रम कर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धि आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है और यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है।

अरनव की इस शानदार उपलब्धि पर अग्रवाल सभा, कोरबा सहित सामाजिक संगठनों, परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। समाज के लोगों का कहना है कि अरनव ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे अग्रवाल समाज और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

अग्रवाल सभा, कोरबा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने अरनव अग्रवाल को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि अरनव भविष्य में भी नई-नई ऊंचाइयों को छूते हुए देश और समाज का नाम रोशन करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अरनव अग्रवाल की सफलता से प्रेरणा लेनी चाहिए और अपने जीवन में अनुशासन, समर्पण एवं कठिन परिश्रम को अपनाकर अपने सपनों को साकार करना चाहिए। समाज ने अरनव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

अरनव अग्रवाल की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों के युवा भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलताएं हासिल कर सकते हैं। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।