बलौदाबाजार में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई के बाद चालक ने किया जहरीले पदार्थ का सेवन, प्रशासन ने जांच के आदेश दिए - vedantsamachar.in

बलौदाबाजार में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई के बाद चालक ने किया जहरीले पदार्थ का सेवन, प्रशासन ने जांच के आदेश दिए

बलौदाबाजार, 19 जून(वेदांत समाचार)। जिले के कसडोल तहसील अंतर्गत ग्राम सिनोधा में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद एक ट्रैक्टर चालक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए चालक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी ने अवैध रेत परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे थाना कसडोल के सुपुर्द कर दिया। इसी कार्रवाई से क्षुब्ध होकर ट्रैक्टर चालक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और ट्रैक्टर चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति स्थिर बताई गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने एसडीएम कसडोल आर. आर. दुबे के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी है। टीम को तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम आर. आर. दुबे ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को कार्रवाई के दौरान अवैध रेत परिवहन करते वाहनों को पकड़ा गया था। इस दौरान ट्रैक्टर चालक द्वारा रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए जहर सेवन करने की बात सामने आई है।

वहीं नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी से इस संबंध में स्पष्टीकरण लिया गया है, जिसमें उन्होंने चालक के आरोपों को निराधार बताया है। प्रशासन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन और कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है, वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।