KORBA: डेढ़ महीने से अघोषित बिजली कटौती से त्रस्त वार्डवासी, सुधार नहीं हुआ तो बिजली कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी... - vedantsamachar.in

KORBA: डेढ़ महीने से अघोषित बिजली कटौती से त्रस्त वार्डवासी, सुधार नहीं हुआ तो बिजली कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी…

कोरबा , 19 जून(वेदांत समाचार)। नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक-01 सोमवारी बाजार, प्रेमनगर क्षेत्र में पिछले लगभग डेढ़ माह से जारी अघोषित बिजली कटौती और हाफ लाइन की समस्या को लेकर वार्डवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समस्या के निराकरण की मांग को लेकर वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नागरिकों ने दीपका स्थित विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय पहुंचकर कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में वार्डवासियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

इस दौरान पार्षद कमलेश जायसवाल ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वार्ड क्रमांक-01 की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है, जबकि राज्य सरकार हर वर्ष विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करती है। इसके बावजूद ठेकेदारों और संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि एक ओर क्षेत्रवासियों को नियमित बिजली नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं को मनमाने बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वार्डवासी व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

वार्डवासियों ने ज्ञापन के माध्यम से विद्युत विभाग को सात दिनों का अल्टीमेटम देते हुए हाफ लाइन की समस्या दूर कर निर्बाध एवं नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने पर समस्त वार्डवासी बिजली कार्यालय की तालाबंदी कर उग्र घेराव करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान श्यामबाई, चवनबाई पटेल, सरस्वती कैवर्त्य, आशा सिंह, रोमा बाई, चमेली पटेल, लता उरांव, सीमा श्रीवास्तव, बीना चौहान, संजू सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष वार्डवासी उपस्थित रहे।