रायगढ़ में तेज आंधी-तूफान के बीच बड़ा हादसा: बाउंड्री वॉल गिरने से महिला मजदूर की मौत, दो घायल - vedantsamachar.in

रायगढ़ में तेज आंधी-तूफान के बीच बड़ा हादसा: बाउंड्री वॉल गिरने से महिला मजदूर की मौत, दो घायल

रायगढ़, 19 जून (वेदांत समाचार)। जिले में गुरुवार शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के चिरईपानी गांव में स्थित ओम रूपेश एवं महालक्ष्मी उद्योग के बीच निर्मित बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय दीवार के समीप झोपड़ी बनाकर रह रहे मजदूर मौजूद थे, जो मलबे की चपेट में आ गए।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6 बजे मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज हवा और बारिश के बीच उद्योग परिसर की बाउंड्री वॉल ढह गई। दीवार गिरते ही वहां रह रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में दबने से महिला मजदूर रंभा यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि मजदूर लंबे समय से उद्योग क्षेत्र के पास झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। तेज आंधी और बारिश के दौरान कमजोर हुई दीवार अचानक गिर गई, जिससे यह दुखद घटना घटित हुई।

पूंजीपथरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

रायगढ़ जिले में लगातार बदलते मौसम और तेज आंधी-तूफान के बीच हुए इस हादसे ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और बाउंड्री वॉल की मजबूती को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।