CG Crime News: राइस मिल में 50 कट्टी धान चोरी का खुलासा, 24 घंटे के भीतर 8 शातिर चोर गिरफ्तार - vedantsamachar.in

CG Crime News: राइस मिल में 50 कट्टी धान चोरी का खुलासा, 24 घंटे के भीतर 8 शातिर चोर गिरफ्तार

  • पामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 कट्टी धान समेत पिकअप, स्कूटी, बाइक और नकदी बरामद

जांजगीर-चांपा, 16 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सिद्धि विनायक राइस मिल में हुई धान चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 65 कट्टी धान, एक पिकअप वाहन, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल तथा 21 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 14 जून की रात सिद्धि विनायक राइस मिल, चंडीपारा में चौकीदार भोजन करने के लिए मुख्य गेट की ओर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने राइस मिल के पीछे लगी फेंसिंग को काटकर परिसर में प्रवेश किया और धान की बोरियां चोरी कर लीं। कुछ समय बाद चौकीदार ने निरीक्षण के दौरान फेंसिंग के बाहर खेत में धान की बोरियां और बिखरा हुआ धान देखा, जिसके बाद उसने तत्काल मिल संचालक को सूचना दी।

अगले दिन जांच करने पर राइस मिल से 50 कट्टी धान गायब पाया गया। चोरी गए धान की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई। मामले में राइस मिल संचालक ऋषि सिंह की शिकायत पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर अकलतरा और चंडीपारा क्षेत्र में दबिश दी। लगातार पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर अकलतरा स्थित एक राइस मिल से कुल 65 कट्टी धान बरामद किया गया। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल तथा 21 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में राजा लहरे (26 वर्ष) निवासी चंडीपारा पामगढ़, रामकुमार भार्गव (28 वर्ष), कन्हैया सिन्हा उर्फ लाला (26 वर्ष), बीर सिंह बंजारे (24 वर्ष), अजय पाटले (24 वर्ष), लक्ष्मी कुमार सिन्हा (24 वर्ष), शैलेष राय (26 वर्ष) निवासी अकलतरा तथा राकेश कुमार साहू (36 वर्ष) निवासी चंडीपारा पामगढ़ शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक राजेश कोसले, महिला प्रधान आरक्षक मंजू सिंह, आरक्षक श्याम ओग्रे, चंद्रशेखर कैवर्त्य, विनोद मनहर, लव मांझी तथा सैनिक चंद्रशेखर प्रधान सहित थाना पामगढ़ के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की त्वरित कार्रवाई और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की है।