नई दिल्ली,16 जून :San Francisco Unicorns-Ravichandran Ashwin: भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अमेरिका की T20 लीग मेजर लीग क्रिकेट में खेलते दिखेंगे. इसके लिए उनका करार मेजर लीग क्रिकेट की टीम सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स के साथ हुआ है. बड़ी बात ये है कि सैन फ्रैंसिस्को की टीम से हारिस रऊफ का भी करार है. यानी कि अश्विन को उनके साथ मिलकर इस टीम के लिए जीत का जोर लगाना होगा.
हारिस रऊफ के साथ खेलेंगे अश्विन
हारिस रऊफ पहले से ही सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स का हिस्सा हैं. अश्विन को पाकिस्तान के हारिस रऊफ के साथ खेलना होगा. हारिस रऊफ के साथ सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स का करार शुरुआती सीजन यानी 2023 से ही है.
MLC के चौथे सीजन के लिए अश्विन का करार
2023 से शुरू हुए मेजर लीग क्रिकेट का इस बार चौथा सीजन होने जा रहा है, जिसके लिए सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स ने अश्विन के साथ करार किया है. चौथे सीजन की शुरुआत 19 जून से होने जा रही है. वहीं सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स इसमें अपना पहला मैच 20 जून को लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी. अश्विन कब से MLC में अपनी टीम जॉइन करेंगे ये फिलहाल साफ नहीं है.
MLC में कैसा रहेगा अश्विन की टीम का शेड्यूल?
मेजर लीग क्रिकेट 6 टीमों के बीच का T20 टूर्नामेंट है. इसमें सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स का सबसे अच्छा प्रदर्शन 2024 में देखने को मिला था, जब वो रनर-अप रही थी. चौथे सीजन में सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स के शेड्यूल की बात करें तो 20 जून को पहला मुकाबला खेलने के बाद ये टीम अगले दो मुकाबलों में बैक टू बैक टेक्सास सुपर किंग्स का सामना करेगी. ये मुकाबले 21 जून और 25 जून को खेले जाएंगे. 27 जून को सिएटल ओरकास से मुकाबला होगा जबकि 29 जून को सैन फ्रैंसिस्को की टीम वॉशिंगटन फ्रीडम का सामना करेगी.
5 जुलाई को फिर से सैन फ्रैंसिस्को का सामना वॉशिंगटन फ्रीडम से होगा. वहीं 6 जुलाई को ये MI न्यूयॉर्क की चुनौती का सामना करती दिखेगी. 9 जुलाई को फिर से MI न्यूयॉर्क से मुकाबला होगा. 11 जुलाई को लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स से मैच होगा. जबकि 12 जुलाई को आखिरी लीग मैच ये टीम सिएटल ओरकास के खिलाफ खेलेगी.

