गले पर चाकू से हमला कर फरार हुआ आरोपी पांच महीने बाद गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल - vedantsamachar.in

गले पर चाकू से हमला कर फरार हुआ आरोपी पांच महीने बाद गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल

जगदलपुर, 16 जून 2026 (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने चाकू मारकर जानलेवा हमला करने और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के आमागुड़ा इलाके में हुई इस घटना के बाद आरोपी लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था और उड़ीसा भाग गया था। पुलिस ने अथक प्रयासों के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 जनवरी 2026 की शाम करीब 4:20 बजे आमागुड़ा निवासी अमर सिंह बघेल अपने घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला प्रकाश कश्यप हाथ में धारदार चाकू लेकर उनकी छोटी बच्ची को उठा रहा था। बच्ची की सुरक्षा को देखते हुए अमर सिंह ने उसे बच्ची को छोड़ने के लिए कहा।

इस बात से नाराज होकर आरोपी प्रकाश कश्यप ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अमर सिंह ने सार्वजनिक स्थान पर गाली देने से मना किया तो आरोपी और अधिक आक्रोशित हो गया। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार चाकू से अमर सिंह के गले पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और खून बहने लगा।

घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी प्रकाश कश्यप घटना के बाद अपने घर से फरार होकर उड़ीसा चला गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही और उसके परिजनों को भी आरोपी को पेश करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।

करीब पांच महीने की तलाश के बाद 16 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया और बताया कि उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से हमला किया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश कश्यप उर्फ मून्ना कश्यप (30 वर्ष) निवासी लालबाग आमागुड़ा, थाना कोतवाली, जिला बस्तर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वर पांडे तथा आरक्षक बलराम कश्यप, रंगलाल खरे, त्रिनाथ कश्यप, तोमन लाल और केशव चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।