रायपुर ट्रैफिक पुलिस के दो जवानों की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को मिला सम्मान, पुलिस कमिश्नर ने किया पुरस्कृत - vedantsamachar.in

रायपुर ट्रैफिक पुलिस के दो जवानों की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को मिला सम्मान, पुलिस कमिश्नर ने किया पुरस्कृत

रायपुर, 16 जून 2026 (वेदांत समाचार)। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम नागरिकों की मदद के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले रायपुर यातायात पुलिस के दो कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित किया है। एक प्रधान आरक्षक ने सड़क पर मिला लाखों रुपये मूल्य का बैग उसके मालिक को सुरक्षित लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया, जबकि दूसरे आरक्षक ने व्यस्त चौराहे पर यातायात जाम की समस्या को प्रभावी ढंग से नियंत्रित कर लोगों की सराहना हासिल की।

जानकारी के अनुसार 15 जून को यातायात थाना भनपुरी में पदस्थ प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम की ड्यूटी भनपुरी तिराहा पर लगी हुई थी। ड्यूटी के दौरान उनकी नजर सड़क पर पड़े एक बैग पर पड़ी। उन्होंने तत्काल बैग को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसके मालिक का पता लगाने की कोशिश की। बैग की जांच करने पर उसमें करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 11 हजार 700 रुपये नगद, आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज और कपड़े मिले।

आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम ने बैग मालिक से संपर्क किया और उन्हें यातायात थाना भनपुरी बुलाया। पूछताछ के दौरान बैग मालिक अंबिका निषाद ने बताया कि वह मोटरसाइकिल से जा रहे थे और बैग वाहन के पीछे बंधा हुआ था। रास्ते में बैग गिर गया, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी।

सत्यापन के बाद बैग में रखे सभी कीमती सामान, नगदी और दस्तावेज सुरक्षित रूप से मालिक को वापस सौंप दिए गए। प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने उन्हें 2,000 रुपये नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

वहीं दूसरी ओर यातायात थाना फाफाडीह में पदस्थ आरक्षक दीपक वर्मा को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। तेलघानी नाका चौक रायपुर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां शाम के समय पीक आवर्स में अक्सर भारी यातायात दबाव और जाम की स्थिति बन जाती थी। आरक्षक दीपक वर्मा की लगातार मेहनत और बेहतर यातायात प्रबंधन के कारण इस क्षेत्र में जाम की समस्या काफी हद तक नियंत्रित हुई है।

स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने भी उनके कार्यों की सराहना की है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में उनकी भूमिका को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने उन्हें 500 रुपये नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह के दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विवेक शुक्ला, सहायक पुलिस आयुक्त सतीष कुमार ठाकुर, सीमा अहिरवार तथा यातायात थाना भनपुरी के प्रभारी राकेश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रायपुर पुलिस का कहना है कि ऐसे कर्मठ और ईमानदार पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने का उद्देश्य पुलिस बल के अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना है। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग की भावना और मजबूत होगी।