ENG vs NZ: 500, 1000, 2000, 14000… जो रूट बन सकते हैं न्यूजीलैंड के लिए परेशानी, कप्तानी में ऐसा है टेस्ट रिकॉर्ड - vedantsamachar.in

ENG vs NZ: 500, 1000, 2000, 14000… जो रूट बन सकते हैं न्यूजीलैंड के लिए परेशानी, कप्तानी में ऐसा है टेस्ट रिकॉर्ड

नई दिल्ली,16 जून : England vs New Zealand, 2nd Test: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 17 जून से लंदन के ओवल में खेला जाएगा. इस टेस्ट मैच सबकी निगाहें जो रूट पर होंगी, जिनके हाथों में 4 साल बाद एक बार फिर से इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कमान होगी. टेस्ट कप्तानी में वापसी कर रहे जो रूट के सामने इंग्लैंड को ओवल पर जिताने की चुनौती तो होगी ही. उसके अलावा उनके सामने वो 4 बड़ी उपलब्धियां भी होंगी, जिन्हें वो हासिल करना चाहेंगे. जो रूट जिन 4 उपलब्धियों को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में हासिल करते दिख सकते हैं, उनके तार 500, 1000, 2000, 14000 जैसे आंकड़ों से जुड़े हैं. ये रनों से जुड़े वो माइलस्टोन हैं, जो ओवल टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ जो रूट के बल्ले से पूरे करते दिख सकते हैं.

इस 500 रन से कितने दूर जो रूट?
सबसे पहले बात 500 रन के माइल स्टोन की. इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान के तौर पर जो रूट न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना 7वां टेस्ट खेलने उतरेंगे. इससे पहले खेले 6 टेस्ट में उन्होंने 43.45 की औसत से 1 शतक के साथ 478 रन बनाए हैं. यानी, ओवल पर खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट में 22वां रन बनाते ही जो रूट न्यूजीलैंड के खिलाफ बतौर कप्तान टेस्ट में अपने 500 रन पूरे कर लेंगे.

इस 1000 रन से कितने दूर जो रूट?
1000 रन का माइलस्टोन इंग्लैंड की जमीन से जुड़ा है. न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड में अब तक ओवरऑल खेले 10 टेस्ट में जो रूट ने 3 शतक और 51.55 की औसत के साथ 928 रन बनाए हैं. यानी, 17 जून से शुरू होने जा रहा ओवल टेस्ट इंग्लैंड की जमीन पर न्यूजीलैंड के खिलाफ जो रूट का 11वां टेस्ट होगा, जिसमें उनकी नजर 1000 रन पूरे करने पर होगी, जिससे वो 72 रन दूर हैं.

इस 2000 रन से कितने दूर जो रूट?
जो रूट के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में 2000 रन पूरे करने का भी मौका है. फिलहाल उनके 22 टेस्ट में 1934 रन 6 शतक के साथ 50.89 की औसत से दर्ज हैं. अब अगर वो मौजूदा सीरीज के दूसरे टेस्ट में 66 रन और बनाते हैं तो कीवी टीम के खिलाफ टेस्ट में अपने 2000 रन पूरे कर लेंगे.

इस 14000 रन से कितने दूर जो रूट?
जो रूट अपने टेस्ट करियर में 14000 रनों के भी बेहद करीब हैं. उन्होंने अब तक 164 टेस्ट में 50.73 की औसत और 41 शतक के साथ 13952 रन बनाए हैं. मतलब, टेस्ट करियर में 14000 रनों के आंकड़े को छूने से रूट बस 48 रन दूर हैं और ये दूरी वो न्यूजीलैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में खत्म कर सकते हैं.

जो रूट की कप्तानी का टेस्ट रिकॉर्ड है जबरदस्त
जो रूट सिर्फ इसलिए न्यूजीलैंड के लिए परेशानी का सबब नहीं बन सकते कि वो 4 बड़ी उपलब्धियों की दहलीज पर हैं. बल्कि इसके पीछे उनका टेस्ट कप्तानी वाला जबरदस्त रिकॉर्ड भी है. 4 साल बाद इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कमान फिर से संभालने जा रहे जो रूट ने अब तक 64 टेस्ट में कप्तानी की हैं, जिसमें उन्होंने 27 जीते और 26 हारे हैं. वहीं 11 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं. टेस्ट में बतौर कप्तान उनकी जीत का प्रतिशत 42.18 का रहा है.

कप्तानी में बल्लेबाजी हो जाती है विकराल
बहुत से खिलाड़ियों का फॉर्म कप्तान बनते ही जवाब देने लगता है. लेकिन जो रूट के साथ ऐसा नहीं है. बतौर कप्तान उनकी बल्लेबाजी भी शानदार रही है. उन्होंने बतौर कप्तान टेस्ट की 118 पारियों में 46.45 की औसत से 5295 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 14 शतक और 26 अर्धशतक बनाए हैं.

बतौर कप्तान 65वां टेस्ट खेलेंगे रूट
जो रूट ना सिर्फ इंग्लैंड के सबसे सफल कप्तान रहे हैं बल्कि सबसे अनुभवी कप्तान भी रहे हैं. उनसे ज्यादा टेस्ट में कप्तानी इंग्लैंड के किसी कप्तान ने नहीं की. अब बतौर कप्तान अपने 65वें टेस्ट में जो रूट के सामने चुनौतियां उपलब्धियों को हासिल करने के साथ साथ इंग्लैंड को सीरीज जिताने की भी होगी. 3 टेस्ट की सीरीज में इंग्लैंड फिलहाल 1-0 से आगे हैं. ऐसे में अगर वो रूट की कप्तानी में ओवल टेस्ट भी न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने नाम करती हैं तो सीरीज भी जीत लेगी.