अभनपुर-राजिम मार्ग पर युवक का शव मिलने से सनसनी, जहर सेवन से मौत की आशंका... - vedantsamachar.in

अभनपुर-राजिम मार्ग पर युवक का शव मिलने से सनसनी, जहर सेवन से मौत की आशंका…

अभनपुर,14जून (वेदांत समाचार)। रायपुर जिले के अभनपुर-राजिम मार्ग पर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सावन साहू (निवासी सिवनी खुर्द, जिला धमतरी) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत जहर सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सावन साहू अपने ससुराल अभनपुर के सातपारा आया हुआ था। रविवार को वह अभनपुर मार्केट की ओर घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा।

बाद में अभनपुर-राजिम मार्ग पर उसका शव मिलने की सूचना मिली। घटनास्थल पर मृतक की बाइक भी शव के पास खड़ी मिली है, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।