जगदलपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कोटपा अधिनियम के तहत 12 लोगों पर चालान, ₹2250 का जुर्माना वसूला - vedantsamachar.in

जगदलपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कोटपा अधिनियम के तहत 12 लोगों पर चालान, ₹2250 का जुर्माना वसूला

जगदलपुर, 29 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बोधघाट थाना क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान और चालानी कार्रवाई की। इस दौरान कोटपा (COTPA) अधिनियम के उल्लंघन पर 12 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 2,250 रुपये का राजस्व वसूला गया। साथ ही मेडिकल स्टोरों का आकस्मिक निरीक्षण कर नियमों के पालन की भी जांच की गई।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के नेतृत्व तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान जिला प्रशासन के अंतर्गत संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान”, “एक युद्ध नशे के विरुद्ध”, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (कोटपा अधिनियम) तथा भारत माता वाहिनी नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित किया गया।

बोधघाट थाना क्षेत्र में जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं जिला कोटपा प्रवर्तन दल के सदस्यों ने आम लोगों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू सेवन और कोटपा अधिनियम के अन्य उल्लंघनों पर सख्ती दिखाते हुए 12 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।

अभियान के दौरान लोकनाथ मेडिकल स्टोर और आनंद फार्मेसी का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दवाओं के भंडारण, बिक्री और संबंधित नियमों के पालन की जांच की गई, ताकि प्रतिबंधित एवं नियंत्रित दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक सुनिश्चित की जा सके।

कार्रवाई में प्रभारी नारकोटिक्स सेल श्रीनिवास वर्मा, जिला टास्क फोर्स के सदस्य कलमेश रामटेके, हनी गोटलीव, वैशाली, डी.डी. मानिकपुरी, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, बोधघाट थाना से उप निरीक्षक ललित नेगी, ड्रग इंस्पेक्टर सौरभ जैन तथा बोधघाट थाना पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।

पुलिस और जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहें तथा कोटपा अधिनियम सहित सभी कानूनी प्रावधानों का पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान और कानूनी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।