इंदौर, 12 जून 2025। डिजिटल युग में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच कारोबार, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों को देखते हुए इंदौर मैनेजमेंट एसोसिएशन (आईएमए) द्वारा तीन दिवसीय डिजिटल मार्केटिंग वर्कशॉप का आयोजन किया गया। साउथ तुकोगंज स्थित जाल ऑडिटोरियम में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 40 से अधिक विद्यार्थियों, व्यापारियों, उद्यमियों और नौकरीपेशा लोगों ने भाग लिया।
वर्कशॉप के मुख्य प्रशिक्षक एवं डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ पवन त्रिपाठी ने प्रतिभागियों को डिजिटल मार्केटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के आधुनिक टूल्स की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में डिजिटल स्किल्स उतनी ही महत्वपूर्ण हो गई हैं जितनी कभी पढ़ना-लिखना था। एआई और डिजिटल मार्केटिंग का ज्ञान भविष्य में युवाओं और व्यापारियों को प्रतिस्पर्धा में आगे रखने में मदद करेगा।
तीन दिनों के प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का प्रभावी उपयोग, एआई की मदद से कंटेंट निर्माण, चैटजीपीटी और गूगल जैमिनी जैसे टूल्स का इस्तेमाल, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (एसईओ), गूगल बिजनेस प्रोफाइल, ऑनलाइन विज्ञापन अभियान, व्हॉट्सएप बिजनेस और फ्रीलांसिंग के माध्यम से आय बढ़ाने के तरीके सिखाए गए।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि प्रतिभागियों ने केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं ली, बल्कि अपने मोबाइल और लैपटॉप पर स्वयं विज्ञापन अभियान तैयार किए, कीवर्ड रिसर्च की और समूहों में डिजिटल मार्केटिंग रणनीति बनाकर उसका प्रस्तुतीकरण भी किया।
प्रतिभागी सुहानी जैन ने बताया कि वर्कशॉप के बाद उन्हें सोशल मीडिया प्रचार और ऑनलाइन विज्ञापन प्रबंधन की बेहतर समझ मिली है और अब वे अपने व्यवसाय का प्रचार-प्रसार स्वयं कर सकती हैं।
आईएमए के अध्यक्ष नवीन खंडेलवाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं और पेशेवरों को उद्योग जगत की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। उन्होंने बताया कि वर्कशॉप को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद को देखते हुए भविष्य में भी डिजिटल स्किल, उद्यमिता, नेतृत्व विकास और प्रबंधन से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रतिभागियों ने वर्कशॉप को रोजगारोन्मुखी, व्यावहारिक और अत्यंत उपयोगी बताया।

