नई दिल्ली,11 जून : Vaibhav Sooryavanshi vs Afghanistan A: वैभव सूर्यवंशी ने अफगानिस्तान ए के खिलाफ मुकाबले में भी अपनी इनिंग की शुरुआत उसी चिर-परिचित अंदाज में की, जिसके लिए वो विश्व विख्यात है. उन्होंने अफगानिस्तान ए के खिलाफ भी अपनी बल्लेबाजी की शुरुआत बाउंड्री के साथ की. उन्होंने पहली गेंद पर चौका मारा, फिर दूसरी गेंद को भी एक जबरदस्त ग्राउंड शॉट के साथ चौके के लिए धकेल दिया. वैभव सूर्यवंशी ने अफगानिस्तान ए के खिलाफ पहले ओवर में 3 गेंदें खेलीं, जिस पर उन्होंने 2 चौके के साथ 9 रन बनाए.
वैभव सूर्यवंशी ने बैक टू बैक बाउंड्री के साथ शुरू की इनिंग
अफगानिस्तान ए की तरफ से पहला ओवर मोहम्मद इब्राहिम ने डाला, जिनकी पहली गेंद को प्रभसिमरन सिंह ने खेला और उस पर सिंगल लेकर स्ट्राइक वैभव सूर्यवंशी को दी. फिर वैभव ने मोहम्मद इब्राहिम के ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद को उसी ठिकाने पर पहुंचाया, जहां पर उसे जाते देखना क्रिकेट फैंस देखना चाहते थे. ये उनकी इनिंग की पहली दो गेंदें भी थी, जिस पर उन्होंने लगातार चौके जड़े.
वैभव सूर्यवंशी ने बल्लेबाजी से बनाए रखा माहौल
वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान ए के खिलाफ पहले ओवर में वो मूमेंटम मिल गया, जिसकी उन्हें तलाश थी. उसके बाद उन्होंने उस मूमेंटम को आगे के ओवरों में भी बरकरार रखा. उनके बल्ले से बाउंड्री के निकलने का सिलसिला रेग्यूलर इंटरवल पर जारी रहा. नतीजा, ये हुआ कि जल्दी ही उन्होंने प्रभसिमरन सिंह के साथ इंडिया ए के स्कोर बोर्ड को 50 रन के पार पहुंचा दिया.
वैभव सूर्यवंशी ने प्रभसिमरन सिंह के साथ जोड़े 74 रन
वैभव सूर्यवंशी ने प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े. ये साझेदारी वैभव सूर्यवंशी के विकेट के साथ टूटी, जो अपने अर्धशतक से 6 रन दूर रह गए. वैभव सूर्यवंशी 22 गेंदों में 200 की स्ट्राइक रेट से 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 9 चौके शामिल रहे. इस पारी के साथ वैभव इंडिया ए को वो शुरुआत दिलाकर गए, जिसकी अफगानिस्तान ए के खिलाफ वनडे ट्राएंगुलर सीरीज के दूसरे मैच में उसे दरकार थी.

