नई दिल्ली , 26 जुलाई । कारगिल विजय दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, बलिदान और देशभक्ति को नमन किया। दोनों नेताओं ने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों का शौर्य सदैव देश के लिए प्रेरणा और राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बना रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि कारगिल विजय दिवस पर पूरा राष्ट्र भारत की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले वीर सैनिकों के असाधारण साहस और समर्पण के प्रति कृतज्ञ है। उन्होंने कहा कि कठिनतम परिस्थितियों में भी सैनिकों ने जिस वीरता का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम चोटियों पर भारतीय सेना ने अद्वितीय पराक्रम का परिचय दिया था। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के प्रति देश सदैव ऋणी रहेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय सेना का साहस, त्याग और अटूट संकल्प देश की युवा पीढ़ी को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के लिए समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि 1999 में भारतीय सेना ने लगभग तीन महीने तक चले भीषण संघर्ष के बाद कारगिल की ऊंची चोटियों पर कब्जा जमाए पाकिस्तानी सैनिकों और घुसपैठियों को खदेड़कर ऐतिहासिक विजय हासिल की थी। इसी वीरता और बलिदान की स्मृति में हर वर्ष 26 जुलाई को पूरे देश में कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।

