इटारसी (नर्मदापुरम)। चौरिया कुर्मी समाज महासंघ द्वारा इटारसी में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के बुद्धिजीवियों, पत्रकारों, खिलाड़ियों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी नवीन चौरे ने की।
अपने संबोधन में आर. बी. सिंह पटेल ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि समाज की ताकत उसकी एकता में निहित है। उन्होंने उपजातीय भेदभाव को समाप्त कर सभी को “पटेल” नाम के सूत्र में बंधने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज विभिन्न धड़ों और उपजातियों में बंटा रहेगा, तब तक उसका समग्र विकास संभव नहीं है।
वहीं राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कार्यक्रम को सामाजिक और राजनीतिक चेतना का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि यह आयोजन प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ-साथ समाज को नई दिशा प्रदान करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बढ़ती सामाजिक और राजनीतिक सक्रियता यह संकेत देती है कि अपना दल (एस) राज्य की राजनीति में मजबूत विकल्प के रूप में उभरने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री लखन पटेल ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के युवा शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के अध्यक्ष नवीन चौरे ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज की प्रगति और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। समारोह में सम्मानित प्रतिभाओं और समाजजनों की बड़ी संख्या में मौजूदगी से उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम ने सामाजिक एकता, प्रतिभाओं के सम्मान और राजनीतिक जागरूकता का संदेश देते हुए समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया।

